Getting your Trinity Audio player ready...
|
– श्यामदत्त चतुर्वेदी
झारखंड विधानसभा चुनाव का दूसरा और आखिरी चरण 20 नवंबर को समाप्त हो गया। दोनों ही चरणों में लोगों ने अपना नेता चुनने के लिए बंपर वोटिंग की। शाम को मतदान खत्म होते ही एग्जिट पोल का दौर शुरू हो गया। अब इनकी चर्चा रिजल्ट आने तक यानी 23 नवंबर तक बनी रहनी है। सबका ध्यान सत्तारूढ़ झारखंड मुक्ति मोर्चा के नेतृत्व वाली इंडिया गठबंधन पर है जिसने चुनावों में अपनी सरकार बनाए रखने के लिए पूरा दम लगा दिया। वहीं कई लोगों को उम्मीद है कि भाजपा के नेतृत्व वाली एनडीए राज्य में वापसी कर लेगी। अब यह देखना काफी दिलचस्प होगा कि इस बंपर वोटिंग का फायदा किसको मिलता है।
झारखंड में दो चरणों में विधानसभा के लिए मतदान कराए गए थे। 13 नवंबर को 43 सीटों पर पहले चरण का मतदान था। इसमें 66.65 फीसदी मतदान दर्ज किया गया था। इसके बाद दूसरे और आखिरी चरण का मतदान 38 सीटों के लिए 20 नवंबर को हुआ। इसमें 68.39 फीसदी मतदान दर्ज किया गया। अब एग्जिट पोल आ गए हैं। आइए आंकड़ों से समझते हैं किस की सरकार बनने की संभावना प्रबल है।
8 एजेंसियों के सर्वे क्या कहते हैं?
झारखंड में 8 एग्जिट पोल आए। इनमें से 4 में भाजपा गठबंधन, जबकि 2 में इंडिया गठबंधन की सरकार बनने का अनुमान जताया गया है। बाकी 2 एग्जिट पोल्स ने हंग असेंबली के आसार जताए हैं।
भास्कर रिपोटर्स पोल: NDA को 37-40, INDIA को 36-39, अन्य को 0-2
न्यूज 18 मैट्रिज: NDA को 42-47, INDIA को 25-30, अन्य को 1-4
P MARQ: NDA को 31-40, INDIA को 37-47, अन्य को 00
चाणक्य स्ट्रेटेजीज: NDA को 45-50, INDIA को 35-38, अन्य को 3-5
पीपुल्स पल्स: NDA को 44-53, INDIA को 25-37, अन्य को 5-9
टाइम्स नाउ JVC: NDA को 40-44, INDIA को 30-40, अन्य को 0-1
एक्सिस माइ इंडिया: NDA को 25, INDIA को 53, अन्य को 03
सी वोटर्स: NDA को 36, INDIA को 26, अन्य को 19
मास्टर पोल
झारखंड के लिए आए सभी 8 पोल के आंकड़ों के एक साथ किया जाए तो NDA को 33-42, इंडिया गठबंधन को 30-39 सीटें मिलती नजर आ रही है। वहीं अन्य के खाते में 2-6 सीटें जारी दिख रही है। ऐसे में अगर NDA के आंकड़े थोड़े भी ऊपर नीचे होते हैं तो अन्य पावर में आ जाएंगे। क्योंकि इंडिया गठबंधन की सीटें भी बहुमत के बॉर्डर पर नजर आ रही हैं।
क्या है संभावना?
भले किसी गठबंधन को बहुमत मिलता नहीं दिखा रहा है, लेकिन BJP की अगुवाई में NDA कुर्सी के करीब दिख रही है। अगर इस गठबंधन को 40 सीटें मिलती हैं तो उसे सरकार बनाने के लिए केवल एक सीट की जरूरत होगी। INDIA ब्लॉक की बात करें तो इनके पास 36-39 सीटें आ रही हैं। हालांकि, कुछ पोल में गठबंधन को बहुमत दिया गया है। ऐसे में इंडिया को सरकार बनाने के लिए अन्य की जरूरत होगी। चूंकि केंद्र में बीजेपी की सरकार है तो इस बात की संभावना अधिक है कि निर्दलीय भी NDA को समर्थन दें।
2019 के परिणामों पर एक नजर
2019 के झारखंड विधानसभा चुनाव में कांग्रेस और झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) गठबंधन ने सफलता हासिल की थी। इस चुनाव में झामुमो ने 30 सीटें जीतीं, जबकि भाजपा को 25 और कांग्रेस को 16 सीटों पर जीत मिली। इसके बाद हेमंत सोरेन के नेतृत्व में सरकार बनी। हालांकि बीच में उन्हें जेल जाना पड़ा और उन्होंने चंपई सोरेन को गद्दी दे दी। जेल से बाहर आने के बाद दोनों में बात नहीं बनी और चंपई सोरेन भाजपा में शामिल हो गए।
2019 में मतदान के बाद कई एग्जिट पोल आए थे। ‘इंडिया टुडे-एक्सिस माय इंडिया’ ने झामुमो-कांग्रेस गठबंधन को 43 सीटें और भाजपा को 27 सीटें दी थी। वहीं ‘एबीपी-सी वोटर’ ने एक त्रिशंकु विधानसभा को लेकर एग्जिट पोल दिया था। इसमें यूपीए को 35 और भाजपा को 32 सीटें दी गई थीं। इसके अलावा टाइम्स नाउ ने भी अपना एग्जिट पोल दिया था। इसमें यूपीए को 44 और भाजपा को 28 सीट दी गई थी। हालांकि परिणाम सभी पोल से अलग आया था।