Getting your Trinity Audio player ready...
|
-विकास मिश्र
फिल्म पुष्पा-2 ने बॉक्स ऑफिस में कामयाबी का एक नया कीर्तिमान गढ़ा है। इस फिल्म ने हफ्ते भर के भीतर ही 1 हजार करोड़ की कमाई कर डाली है। पुष्पा के पहले पार्ट के रिलीज से पहले साउथ के इस स्टार को लोग जानते तक नहीं थे, लेकिन पुष्पा की दोनों सीरीज की रिलीज के बाद अब अल्लू अर्जुन देश के सबसे पॉपुलर हीरो बन चुके हैं। दुनिया भर में उनके प्रति लोगों की दीवानगी छाई हुई है। इसी दीवानगी के चलते अल्लू अर्जुन की गिरफ्तारी भी हो गई। हैदराबाद में उनकी फिल्म पुष्पा-2 के प्रीमियर में भगदड़ मची थी और उसमें एक महिला की मौत हो गई थी। इसी मामले में हैदराबाद पुलिस ने अल्लू अर्जुन को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी के बाद लोअर कोर्ट ने उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया, लेकिन हाईकोर्ट से अल्लू अर्जुन को जमानत मिल गई।
अल्लू अर्जुन को गिरफ्तार करने जब पुलिस उनके घर पहुंची तो वह अपनी पत्नी स्नेहा रेड्डी के साथ चाय पी रहे थे। पुलिस को देखा तो स्नेहा घबरा गईं। उनकी आंख से आंसू निकलने लगे। अल्लू अर्जुन ने हीरो पुष्पा की तरह ही अपनी पत्नी का माथा चूमकर उन्हें तसल्ली दी और पुलिस के साथ घर से बाहर निकल आए। इसके बाद से अल्लू अर्जुन सुर्खियों में हैं। एक्स पर उनकी गिरफ्तारी ट्रेंड कर रही है। हम आपको अल्लू अर्जुन के बारे में बताते हैं कुछ दिलचस्प बातें, जिन्हें शायद आप जानना चाहते हों।
रीयल हीरो हैं अल्लू अर्जुन
अल्लू अर्जुन हर साल अपने जन्मदिन पर दिमागी रूप से अस्वस्थ बच्चों के लिए रक्तदान करते हैं। यही नहीं अल्लू अर्जुन सामाजिक कार्यों में भी दिल खोलकर पैसे खर्च करते हैं। हैदराबाद में उनकी फिल्म के प्रीमियर में जिस महिला की मौत हुई, उसके परिवार वालों को अल्लू अर्जुन ने 25 लाख रुपये की मदद देने का भरोसा दिया। 2014 में आंध्र प्रदेश में जब हुदहुद चक्रवात आया, तो उन्होंने राहत कार्यों के लिए गुप्त रूप से बड़ी धनराशि दान की। वह सामाजिक कार्यों में बढ़ चढ़कर हिस्सा लेते हैं, लेकिन दान की राशि हमेशा गुप्त रखते हैं। वह कई अनाथालयों और वृद्धाश्रमों में दान करते हैं। अपनी टीम के साथियों के बच्चों की पढ़ाई का खर्च खुद वहन करते हैं। मजे की बात यह है कि अल्लू अर्जुन बहुत साफगोई से रहते हैं, जो दिल में आता है, कहते हैं, जो दिल में आता है उसे करते हैं। नेचुरल तो इतने हैं कि वह फिल्मों में मेक अप से भी परहेज करते हैं। अपनी कई फिल्मों में उन्होंने कई बार बिल्कुल भी मेक अप नहीं किया।

..तो महेश बाबू होते ‘पुष्पा’
फिल्म पुष्पा के डायरेक्टर सुकुमार ने अल्लू अर्जुन से पहले पुष्पा की भूमिका के लिए सुपर स्टार महेश बाबू के पास पहुंचे थे। महेश बाबू ने कुछ दिन काम भी किया, लेकिन बाद में वह अलग हो गए। इसके बाद यह फिल्म अल्लू अर्जुन को मिली और इस फिल्म ने अल्लू अर्जुन की किस्मत पलटकर रख दी।
कौन है अल्लू अर्जुन की रीयल ‘श्रीवल्ली’
अल्लू अर्जुन की शादी 2011 में स्नेहा रेड्डी से हुई थी। उनके दो बच्चे भी हैं। बेटे का नाम है अयान और बेटी का नाम है अरहा। स्नेहा खुद का बिजनेस चलाती हैं। अल्लू अर्जुन और स्नेहा रेड्डी की मुलाकात एक शादी में हुई थी और स्नेहा की खूबसूरती देखकर अर्जुन उन पर अपना दिल हार बैठे थे।
जिंदगी को जीने का अंदाज ही अलग है
फिल्म पुष्पा द राइजिंग और पुष्पा-2 में अलग स्टाइल में सिगरेट पीते नजर आने वाले अल्लू अर्जुन सच में बहुत ज्यादा सिगरेट पीते हैं। यही नहीं वह शराब भी जमकर पीते हैं। विरोधाभास ये है कि उन्हें व्यक्तित्व में सुधार वाली किताबें पढ़ना सबसे ज्यादा पसंद हैं। हालांकि वह अपनी फिटनेस पर भी बहुत ध्यान देते हैं। डाइट और एक्सरसाइज के बेहद पाबंद हैं।
स्टाइलिश स्टार, सुपर डांसर
अल्लू अर्जुन को स्टाइलिश स्टार के तौर पर इंडस्ट्री में जाना जाता है, लेकिन सबसे ज्यादा सराहना उनके डांस को मिलती है। हर फिल्म में एक खास डांस स्टाइल के लिए वह महीनों तक घंटों अभ्यास करते हैं। पुष्पा द राइजिंग में उनके डांस के दो स्टेप देश भर में मशहूर हो गए थे। पुष्पा द राइजिंग के लिए उन्होंने महीनों तक अपनी दाढ़ी बढ़ाई, देहाती अंदाज में चलने का अभ्यास किया।
पूरी फैमिली फिल्मी है
अल्लू अर्जुन के दादा अल्लू रामा लिंगय्या तेलुगु फिल्मों के अभिनेता थे। अल्लू अर्जुन के पिता अल्लू अरविंद फिल्म के प्रोड्यूसर थे। अल्लू अर्जुन की बुआ सुरेखा की शादी सुपरस्टार चिरंजीवी से हुई है। यानी चिरंजीवी अल्लू अर्जुन के फूफा जी हैं। चिरंजीवी ही नहीं नागेंद्र बाबू और पवन कल्याण भी उनके रिश्तेदार हैं। 1985 में चिरंजीवी की फिल्म विजेता में अल्लू अर्जुन चाइल्ड आर्टिस्ट के तौर पर परदे पर आए थे।
क्या से क्या बन गए देखते-देखते
अर्जुन को बचपन में पियानो बजाने का शौक था और बनना चाहते थे पियानो टीचर। फिर आर्ट और स्केच का शौक हुआ तो सोचने लगे कि कार्टूनिस्ट बनेंगे। बड़े हुए तो मार्शल ऑर्ट सीख लिया, फिर नासा में जाने की सोचने लगे। उन्होंने फिर एनिमेशन का कोर्स किया, लेकिन आखिरकार आए वो फिल्मों में ही। 2003 में उनके पिता अल्लू अरविंद ने बेटे के लिए फिल्म ‘गंगोत्री’ बनाई। फिल्म फ्लॉप हो गई। लेकिन फिल्म आर्या से उन्हें बड़ी कामयाबी मिली। 2014 में अल्लू अर्जुन की एक शार्ट फिल्म आई थी- “आई ऍम दैट चेंज”। इस फिल्म को सोशल मीडिया पर काफी पसंद किया गया। साउथ में तो अल्लू अर्जुन चल गए थे, लेकिन 17 दिसंबर 2021 को रिलीज हुई फिल्म पुष्पा द राइजिंग के बाद अल्लू पैन इंडिया स्टार हो गए।
गिरफ्तारी के बाद जमानत पर 'पुष्पा', देश की सबसे ज्यादा कमाई वाली फिल्म देने वाले अल्लू अर्जुन के बारे में जानें दिलचस्प बातें#puspha2therule #AlluArjunArrest #AlluArjun #Dayirva #Dayitvamedia https://t.co/wibzoDkke2
— Dayitva Media (@dayitvamedia) December 13, 2024
केरल में हैं सबसे ज्यादा फैन्स
अल्लू तेलुगु फिल्मों के स्टार हैं, लेकिन उनके सबसे ज्यादा फैन केरल में हैं। केरल के फैन उन्हें मल्लू अर्जुन बुलाते हैं । उनके डांस पर पूरा केरल दीवाना है। उनके फेसबुक पर जितने फॉलोअर हैं, उतने तो बाकी साउथ के स्टार के मिलाकर भी फॉलोअर नहीं हैं।
पापा की फिल्मों में फ्री में काम नहीं करते अल्लू
अल्लू अर्जुन के पिता अल्लू अरविंद साउथ के जाने माने प्रोड्यूसर हैं। उनकी कई फिल्मों में अल्लू अर्जुन ने काम किया है। घर में रिश्ता पिता-पुत्र का होता है, लेकिन फिल्म में प्रोफेशन हो जाता है यह रिश्ता। पिता की कंपनी गीता आर्ट्स के एक प्रोड्यूसर इसमें मध्यस्थ की भूमिका निभाते हैं । फिर उनके पिता उतनी फीस अल्लू अर्जुन को दे देते हैं।